कोडरमा : संसदीय क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने कुल 753016 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बाबूलाल मरांडी को 455600 मतों से पराजित किया तो इसके साथ ही यह रिकार्ड बन गया. परिणाम का विश्लेषण करें तो अन्नपूर्णा देवी को सर्वाधिक मत उनके गृह क्षेत्र कोडरमा विधानसभा में मिला. जबकि सबसे कम मत गांडेय विधानसभा में मिला. यह क्षेत्र शुरुआत से ही बाबूलाल मरांडी के दबदबा वाला माना जा रहा था, पर इसका खास असर नहीं दिखा.
अन्नपूर्णा ने यहां से 14570 मत से लीड किया, जबकि कोडरमा विधानसभा में 116679 मत, बरकट्टा में 117303, धनवार में 33115, जमुआ में 64669 मत के अंतर से मरांडी को पराजित किया. वहीं बगोदर विधानसभा सीट पर 100684 मतों के अंतर से माले के राजकुमार यादव को पराजित किया. इस चुनाव में सबसे खराब परफार्मेंस राजकुमार यादव का रहा, तो लोग इस बात पर भी आश्चर्य कर रहे हैं कि उनके विधानसभा इलाके में वोट बैंक पूरी तरह खिसक गया.
राजकुमार को 2014 के लोकसभा चुनाव में धनवार से 62996 मत मिले थे, जबकि इस बार मात्र 17101 मत मिले. माले ने अपने गढ़ बगोदर व धनवार के बाद शुरुआत से दो अन्य विधानसभा क्षेत्र कोडरमा व बरकट्ठा को टारगेट कर यहां जनाधार बढ़ाने का प्रयास किया, पर पिछली बार से ज्यादा मुंह की खानी पड़ी.
वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ रवींद्र राय को कोडरमा व बरकट्ठा ने निर्णायक जीत दिलाई थी, जबकि राजकुमार को कोडरमा से 33164 व बरकट्ठा से 23134 मत मिले थे, जबकि इस चुनाव में यह मत काफी कम हो गया. राजकुमार को कोडरमा में में मात्र 3227 तो बरकट्ठा में 3939 मत मिले हैं.
