मांगों को लेकर उपवास पर रहे पुलिसकर्मी, ड्यूटी भी की

कोडरमा : झारखंड पुलिस एसोसिएशन/झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन व पुलिस चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ केंद्रीय कार्यालय रांची के आह्वान पर जिले भर के पुलिस कर्मी बुधवार को उपवास पर रहे. अपनी सात सूत्री लंबित मांगों को लेकर पुलिस कर्मियों ने उपवास पर रहकर विरोध जताया. पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने एसपी कार्यालय के […]

कोडरमा : झारखंड पुलिस एसोसिएशन/झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन व पुलिस चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ केंद्रीय कार्यालय रांची के आह्वान पर जिले भर के पुलिस कर्मी बुधवार को उपवास पर रहे. अपनी सात सूत्री लंबित मांगों को लेकर पुलिस कर्मियों ने उपवास पर रहकर विरोध जताया. पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने एसपी कार्यालय के समक्ष उपवास पर बैठ कर विरोध जताया. इस दौरान मांगों को लेकर आवाज बुलंद की गयी.

हालांकि, जिले के विभिन्न थाना, कार्यालय व अन्य जगहों पर पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों ने उपवास पर रहकर अपनी ड्यूटी की. यही नहीं मैट्रिक-इंटर की परीक्षाओं में भी पुलिस कर्मी उपवास के बावजूद डटे रहे और कर्तव्य का पालन किया. एसपी कार्यालय के समक्ष उपवास पर बैठे झारखंड पुलिस एसो. के अध्यक्ष बालेश्वर यादव व झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखदेव शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि पूर्व से लंबित सात सूत्री मांगों पर सरकार कोई पहल नहीं कर रही है.

ऐसे में प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मांगों के समर्थन में तीन चरणों मे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया जाना है. आज दूसरे चरण के तहत सामूहिक रूप से उपवास रखा गया. सभी पुलिस पदाधिकारी, कर्मी, चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी उपवास में रहते हुए पुलिस केंद्र, थाना, ओपी, एसपी कार्यालय व अन्य जगहों पर ड्यूटी करते रहे. थाना, पुलिस लाइन व अन्य जगहों पर एक साथ चलने वाले मेस में खाना नहीं बना. मौके पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन के सचिव अखिलेश्वर सिंह, मेंस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जगन्नाथ कुमार, कोषाध्यक्ष सह सचिव सच्चिदानंद कुमार, केंद्रीय सदस्य हवलदार पंकज सिंह, सभी कार्यकारिणी सदस्य, डेलिगेट सदस्य आदि मौजूद थे.

मांगें नहीं माने जाने पर 28 से सामूहिक अवकाश : एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि मांगों के समर्थन में इससे पहले 12 से 14 फरवरी तक आरक्षी संवर्ग के पुलिस कर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर कार्य किया था. द्वितीय चरण में एक दिवसीय सामूहिक उपवास रखा गया. अगर इसके बावजूद मांगों पर उचित पहल नहीं होता है, तो आंदोलन के तृतीय चरण में 28 फरवरी से चार मार्च तक राज्य के सभी कनीय पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी पांच दिनों के सामूहिक अवकाश पर चले जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >