तोरपा. तोरपा प्रखंड परिसर में मंगलवार को उप-प्रमुख संतोष कर और प्रखंड स्तरीय बाल संरक्षण समिति के अध्यक्ष के सानिध्य में संभव ट्रस्ट द्वारा ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समिति के पुनरुत्थान को लेकर सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में संभव ट्रस्ट की अध्यक्ष मोनिका आर्या ने आंगनबाड़ी सेविकाओं को बाल संरक्षण समितियों से संबंधित पंजी लेखन, किशोर और किशोरियों के नामांकन की प्रक्रिया तथा समिति के प्रभावी संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की. उन्होंने चाइल्ड इन नीड ऑफ केयर एंड सपोर्ट, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के अधिकार और संरक्षण, नशामुक्ति, विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की पहचान एवं पुनः नामांकन तथा ग्राम स्तर पर माहवारी स्वच्छता अभियान की कार्ययोजना पर विस्तारपूर्वक चर्चा की. कार्यक्रम के दौरान बच्चों के अनुकूल गांव बनाने की मुहिम को सशक्त करने और ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया. सेविकाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में बाल संरक्षण गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने का संकल्प लिया. मौके पर आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाएं नूतन डांग, बेला रचना मिंज, प्रिया कुमारी, महेश्वरी देवी सहित अन्य उपस्थित थे.
ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समिति के पुनरूत्थान को लेकर कार्यशाला
आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया.
