खूंटी. सिलादोन पंचायत के पोटोमगड़ा गांव में शनिवार को चाइल्ड इन नीड इंस्टीट्यूट (सीनी), जेएसएलपीएस तथा असर संस्था के सहयोग से जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों को लेकर महिलाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न होने वाली विभिन्न चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गयी.
जलवायु परिवर्तन और जेंडर के बीच संबंध
जलवायु परिवर्तन और जेंडर के बीच संबंध, जेंडर असमानता तथा इसके सामाजिक और आर्थिक प्रभावों को लेकर महिलाओं को जानकारी दी गयी. वहीं खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और आर्थिक समावेशन के क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों और उनके स्थानीय समाधान पर चर्चा की गयी.
ये भी पढ़ें: भारतमाला और बेड़ो-खूंटी बाइपास सड़क के खिलाफ ग्रामीणों का जनसभा, कहा - कृषि भूमि का एक इंच भी नहीं देंगे
स्थानीय प्रयासों और सामूहिक भागीदारी
महिलाओं को छोटे-छोटे स्थानीय प्रयासों और सामूहिक भागीदारी के माध्यम से जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए पहल करने हेतु प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, उसके प्रभाव और जेंडर असमानता को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सीनी की रेणु टूटी, जेएसएलपीएस की सेतु दीदी कुंती देवी, क्रिस्टीना बंसुली, बसंती देवी सहित ग्राम संगठन की सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
