तोरपा (खूंटी): स्थानीय सिरूम टोली मोहल्ले के लोगों ने बुधवार को श्रमदान कर बदहाल सड़क को चलने लायक बनाया. लगातार बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा हो गया था. इससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी. मोहल्लेवासियों ने सड़क पर मिट्टी आदि डालकर गड्ढों को भरा और रास्ते को आवागमन के योग्य बनाया. श्रमदान करने वालों में इरमिया गुड़िया, राजकुमार महतो, कृष्णा महतो, गगन यादव समेत मोहल्ले के महिला-पुरुष शामिल थे.
ये भी पढ़ें- जमीन के भीतर से निकलने लगा है पानी, भू-धंसाव की आशंका से लोगों में दहशत
जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है. इस कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है. पानी निकलने के बाद सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है. इससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है. मोहल्लेवासियों के अनुसार, सिरूम टोली में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं. इसी सड़क से होकर लोग बाजार, स्कूल, अस्पताल समेत अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन करते हैं. बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ जाती है.
बीडीओ और सीओ से सड़क मरम्मत की मांग
मोहल्लेवासियों ने बीडीओ और सीओ को ज्ञापन सौंपकर सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है.
ये भी पढ़ें- बेड़ो मेन रोड की बदलेगी सूरत, 1.50 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत; टेंडर प्रक्रिया शुरू
