खूंटी. खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा शुक्रवार को मुरहू प्रखंड के लिलीकोटो गांव पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना. गांव के विद्यालय का निरीक्षण कर वहां की शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली. ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि विद्यालय में शिक्षक समय पर नहीं पहुंचते हैं. कई बार कक्षा संचालन के दौरान शिक्षकों के सोए रहने जैसी शिकायतें भी सामने आती रही हैं. जिससे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि गांव के बच्चों का भविष्य किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए. विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना सरकार और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है. इसके लिए विद्यालय प्रबंधन समिति को मजबूत और सक्रिय बनाना जरूरी है. विधायक ने ग्रामीणों से विद्यालय प्रबंधन समिति को सशक्त बनाने की अपील की. कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मौके पर विधायक प्रतिनिधि डिक्सन पुर्ती, जिला उपाध्यक्ष सनिका बोदरा, प्रखंड सचिव कुंवर सिंह मुंडरी, ग्राम प्रधान मार्शल भेंगरा, सुखराम सरूकद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
खूंटी विधायक के सामने ग्रामीणों ने रखी समस्याएं
खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा शुक्रवार को मुरहू प्रखंड के लिलीकोटो गांव पहुंचे.
