डकरा: सुभाषनगर कॉलोनी में रहने वाले लोग इन दिनों बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनके प्रबंधन ने कॉलोनी को उसके हाल पर छोड़ दिया है. यहां पेयजल की व्यवस्था भी बदहाल है. लोगों को बिना फिल्टर किए नदी का पानी सप्लाई किया जाता है, जिससे दुर्गंध आने की शिकायत है. कॉलोनी में बिजली व्यवस्था भी अनियमित है.
बिजली कटने के बाद आपूर्ति बहाल होने का कोई निश्चित समय नहीं रहता. वहीं सड़कें भी जर्जर स्थिति में हैं. कॉलोनी जाने वाले मुख्य रास्ते में नाली पर बना स्लैब महीनों से टूटा हुआ है, जिससे आए दिन वाहन फंसने और लोगों के चोटिल होने की घटनाएं हो रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि चूरी परियोजना के अधिकारी कॉलोनी में नहीं रहते, जिसके कारण यहां की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता.
कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हो पाया है. इधर, महाप्रबंधक कार्यालय डकरा से सुभाषनगर शिव मंदिर तक सड़क पर जाम की समस्या भी बनी हुई है. पेट्रोल पंपों पर खड़े ट्रक और डंपर तथा कोयला परिवहन के कारण सुबह और शाम आवागमन प्रभावित होता है. लोगों ने प्रबंधन और प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है.
