सिक्किम के हादसे में रनिया के दो और पश्चिम सिंहभूम के एक व्यक्ति की मौत

सिक्किम के नामची में टनल विस्फोट से झारखंड के रनिया और पश्चिम सिंहभूम के तीन मजदूरों की मौत हो गई। गांव में मातम का माहौल, शव लाने की मांग जारी।

रनिया: सिक्किम के नामची जिले अंतर्गत समरडुंग एनएचपीसी तीस्ता स्टेज सिक्स जल विद्युत परियोजना के निर्माणाधीन हेड रेस टनल में गैस रिसाव के बाद हुए विस्फोट में टनल के अंदर कई मजदूरों की मौत हो गयी. जिसमें खूंटी जिले के रनिया प्रखंड अंतर्गत दो और रनिया से सटे पश्चिमी सिंहभूम जिले के एक व्यक्ति की मौत हो गयी.

मृतकों में रनिया प्रखंड के डाहु गांव निवासी कृष्णा साहू (22 वर्ष) और बडरू विकास कंडुलना (25 वर्ष) तथा पश्चिमी सिंहभूम के कुमसिंग मदुरा गांव निवासी मसीह बरजो (27 वर्ष) शामिल हैं. जानकारी के अनुसार वे अपने अन्य साथियों के साथ काम की तलाश में सिक्किम गये थे. जहां पटेल कंस्ट्रक्शन कंपनी में मजदूरी कर रहे थे.

हादसे में कृष्ण साहू के भाई बबलू साहू बाल-बाल बच निकले. उन्होंने फोन पर बताया कि वे अपने भाई कृष्णा साहू के साथ दो जुलाई को सिक्किम पहुंचे थे. कृष्णा साहू और विकास कंडुलना सुरंग के अंदर मजदूरी करते थे. जबकि उन्हें कैंटीन (मेस) में काम मिला था.

घटना वाले दिन वे दो अन्य साथियों के साथ सुरंग में काम कर रहे मजदूरों के लिए दोपहर का भोजन लेकर अंदर गए थे. तभी अचानक ब्लोअर का पाइप फट गया और आग व जहरीली गैस फैल गई. किसी तरह वे और सात अन्य मजदूर जान बचाकर बाहर निकल आए लेकिन कृष्णा, विकास समेत 22 मजदूर सुरंग के अंदर ही फंस गए और उनकी मौत हो गई.

हादसे की सूचना मिलते ही रनिया प्रखंड के डाहु गांव में मातम छा गया. मृतक कृष्णा साहू और विकास कांडुलना के घरों में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण लगातार मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द गांव लाने की मांग कर रहे हैं.

पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं. घटना को लेकर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने शोक प्रकट किया है. उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा.

विधायक ने बताया कि इस संबंध में संबंधित मंत्री और अधिकारियों से बातचीत की जा रही है, ताकि मृतकों के शवों को शीघ्र उनके पैतृक गांव पहुंचाया जा सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में सरकार और वे स्वयं पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार खूंटी के ब्यूरो प्रभारी हैं और उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने वर्ष 2010 में खूंटी से पत्रकारिता की शुरुआत की और वर्ष 2017 में प्रभात खबर से जुड़े. लंबे समय से खूंटी जिले में सक्रिय पत्रकारिता के कारण उन्हें जिले के सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक मामलों की गहरी समझ और मजबूत पकड़ है.

चंदन कुमार नक्सली घटनाओं, आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों, राजनीतिक गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों और जिला प्रशासन की गतिविधियों सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से कवर करते हैं. क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को सामने लाने और आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देने वाली उनकी पत्रकारिता उनकी खास पहचान है.

खूंटी की स्थानीय परिस्थितियों और संवेदनशील मुद्दों की समझ के साथ वे तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >