कर्रा. कर्रा प्रखंड के कसीरा गांव में आयोजित अमर शहीद विश्वनाथ कच्छप स्मारक फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का फाइनल मुकाबला गुरुवार को लीली एफसी बमरजा और होरो ब्रदर्स लोयकेल कर्रा के बीच खेला गया. मुकाबले में होरो ब्रदर्स लोयकेल की टीम ने दो गोल से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया.
विजेता टीम को मिले 51 हजार रुपये
विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी दी गयी. उपविजेता लीली एफसी बमरजा को 31 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को पांच-पांच हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी दी गयी.
ग्रामीण खिलाड़ियों को मिलता है प्रतिभा दिखाने का मौका
मुख्य अतिथि खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि अमर शहीद विश्वनाथ कच्छप पूरे क्षेत्र के लिए गौरव हैं. उनकी स्मृति में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है. इससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ने के साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने में भी मदद मिलती है.
जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने की अपील की. उन्होंने कहा कि शहीद विश्वनाथ कच्छप की प्रतिमा स्थापित करने में विलंब हुआ है, लेकिन सभी के सहयोग से जल्द ही प्रतिमा स्थापित की जायेगी.
2018 से हो रही प्रतियोगिता
जिला खेल पदाधिकारी राजेश चौधरी ने बताया कि वर्ष 2018 से शहीद की स्मृति में यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. उन्होंने कहा कि जिले में हॉकी के पांच प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं और फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है.
कर्रा थाना के सब इंस्पेक्टर रौशन कुमार ने शहीद विश्वनाथ कच्छप की वीरगति को याद किया. बताया गया कि अमर शहीद विश्वनाथ कच्छप 11 सितंबर 2011 को मणिपुर के आंध्रा जिले में उग्रवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए थे.
कार्यक्रम का संचालन फनीराम परधिया और शेखर मुंडा ने किया. मौके पर शहीद की पत्नी जानकी कच्छप, आयोजनकर्ता सुखनाथ कच्छप, अध्यक्ष मानसा उरांव, सचिव सुकरा कुजूर, कपिल कुजूर, घसिया उरांव, दुखिया कच्छप, नगेंद्र मुंडा, रतनू उरांव, सुमन उरांव समेत अन्य लोग मौजूद थे.
