खूंटी. खूंटी जिला क्रिकेट एसोसिएशन (KDCA) की वार्षिक आमसभा सोमवार को रॉयल सिंह पैलेस, तोरपा रोड में कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण मोहन कुमार की अध्यक्षता में हुई. बैठक में जिले में क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और आगामी सत्र की तैयारियों पर चर्चा की गयी.
रणजी खिलाड़ी विनायक विक्रम को मिली जिम्मेदारी
आमसभा में रणजी खिलाड़ी विनायक विक्रम को खूंटी जिला क्रिकेट एसोसिएशन का मुख्य प्रशिक्षक बनाने का प्रस्ताव रखा गया. चर्चा के बाद प्रस्ताव को पारित कर दिया गया.
एसोसिएशन के सचिव अवधेश कश्यप ने कहा कि विनायक विक्रम के अनुभव का लाभ जिले के उभरते खिलाड़ियों को मिलेगा. वे खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, फिटनेस और खेल क्षमता में सुधार के लिए मार्गदर्शन करेंगे.
क्रिकेट के विकास की योजनाओं पर चर्चा
बैठक में एसोसिएशन का वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया. सदस्यों ने आगामी वर्ष में जिले में क्रिकेट के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं पर विचार-विमर्श किया. युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं के आयोजन और प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल पर जोर दिया गया.
आमसभा में खूंटी डिस्ट्रिक्ट प्रीमियर लीग को लेकर भी चर्चा हुई. कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण मोहन कुमार ने पदाधिकारियों और सदस्यों से जिले में क्रिकेट का बेहतर माहौल तैयार करने और नियमित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने की अपील की.
बैठक में उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, अजीत जायसवाल, प्रवीण कुमार, कोषाध्यक्ष सुनील मिश्रा समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे.
