खूंटी: तोरपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पीएलएफआई उग्रवादी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक देसी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) तोरपा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. इसके बाद गश्त के दौरान पुलिस ने गहेरिया निवासी राजेन्द्र साहू उर्फ राजेन्द्र साव उर्फ मास्टर (42) को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ तोरपा, कर्रा, खूंटी और मुरहू थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं. हाल के महीनों में भी उसके विरुद्ध तोरपा थाना में दो अलग-अलग कांड दर्ज किए गए थे. इस कार्रवाई में एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी पुअनि मनीष कुमार, कर्रा थाना प्रभारी पुअनि राजू कुमार, तोरपा थाना के पुअनि मनीष कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दी है.
तोरपा में हथियार के साथ कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
खूंटी के तोरपा में पुलिस ने पीएलएफआई उग्रवादी राजेन्द्र साहू को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते एसपी और गिरफ्तार उग्रवादी | Prabhat Khabar Network