खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का शहादत दिवस श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया
प्रतिनिधि, खूंटी.
खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का शहादत दिवस श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया. स्थानीय कचहरी परिसर स्थित बिरसा पार्क में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर कांग्रेस के पदधारी और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. वहीं सभी ने उनके बताये मार्ग और आदर्श पर चलने का संकल्प लिया. सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि जिस तरह से बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ाई लड़ी, लगता है आज के परिवेश में भी वही उलगुलान की आवश्यकता है. जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के आदिवासी समाज और जल, जंगल व जमीन के अधिकारों के प्रतीक हैं. मौके पर पीटर मुंडू, नईमुद्दीन खान सहित अन्य उपस्थित थे.
आदिवासी संगठनों ने दी श्रद्धांजलि :
भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर मंगलवार को आदिवासी समन्वय समिति, जल, जंगल व जमीन संस्कृति बचाओ समिति खूंटी, सरना सोतो संगोम समिति खूंटी, संयुक्त ग्रामसभा समिति खूंटी, पारंपरिक ग्रामसभा समन्वय समिति खूंटी ने संयुक्त रूप से श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर स्थानीय कचहरी मैदान स्थित पार्क में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा में विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया. मौके पर दुर्गावती ओड़ेया, राम मुंडा, सुखराम मुंडा, मार्षल बारला, सामुएल पूर्ति, बिनसाय मुंडा, चंद्रप्रभात मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे.
धरती आबा को बिरसाइतों ने किया नमन :
स्थानीय कचहरी मैदान स्थित बिरसा पार्क में मंगलवार को भगवान बिरसा मुंडा के अनुयायी बिरसाइतों ने भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर उन्हें नमन किया. उन्होंने बिरसा भगवान की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये.
चंदन कुमार ने करियर की शुरुआत 1996 में प्रभात खबर से की. ऑल इंडिया रेडियो, सहारा समय टीवी, इंडिया टुडे एवं राष्ट्रीय सहारा में कार्य अनुभव. यात्रा वृतांत,साहित्य, सामाजिक बदलाव एवं कानूनी मामले की खबरों में रुचि. वर्तमान में मधेपुरा से खबरों का संकलन करते हैं.