चंदन कुमार की रिपोर्ट खूंटी. पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को खूंटी शहर में मुस्लिम समाज की ओर से जुलूस निकाला गया. जुलूस को लेकर अंजुमन इस्लामिया की ओर से पहले ही मार्ग और कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई थी. जुलूस शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से निकाला गया. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान जुलूस के मार्ग में तैनात रहे.
जुलूस सुबह करीब 11 बजे जन्नत नगर से शुरू
जुलूस सुबह करीब 11 बजे जन्नत नगर से शुरू हुआ. यहां से लियाकत अली लेन होते हुए मौलाना आजाद चौक पहुंचा. इसके बाद कर्रा रोड होते हुए बरपिंडा तक जुलूस गया. वापसी में कर्रा रोड होते हुए मौलाना आजाद चौक से आजाद रोड की ओर जुलूस निकला. इसके बाद भगत सिंह चौक का चक्कर लगाते हुए मेन रोड से सुभाष चंद्र बोस चौक पहुंचा. यहां से कर्रा रोड होते हुए लियाकत अली लेन के रास्ते जन्नत नगर पहुंचकर जुलूस दुआ के साथ समाप्त हुआ.
ये भी पढ़ें: पलाश मार्ट में सजीं स्वयं सहायता समूह की दीदियों की आकर्षक राखियां
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम
जुलूस को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे. पुलिस अधिकारी जुलूस के साथ चलकर व्यवस्था का जायजा लेते रहे. विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी. जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए. इस दौरान लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया.?
ये भी पढ़ें: पोखरी बेतला में अकीदत और उल्लास के साथ मनाया जा रहा ईद-मिलादुन्नबी का त्योहार, चारों ओर बिखरी रौनक
शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न
अंजुमन इस्लामिया के अनुसार, 12 रबी उल अव्वल के जुलूस को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पूर्व में जन्नत नगर में बैठक कर निर्णय लिया गया था. बैठक की अध्यक्षता खूंटी अंजुमन इस्लामिया के सदर जैद रैन ने की थी. इसकी जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अरकम हुसैन ने दी.
