अड़की. अड़की प्रखंड में मंगलवार को सर्प माता मां मनसा देवी की पूजा-अर्चना धूमधाम एवं उत्साह के साथ संपन्न हुई. इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां मनसा देवी के प्रति आस्था और विश्वास प्रकट करते हुए विभिन्न प्रकार के करतब दिखाए. शोभायात्रा के दौरान मां मनसा के भक्तों ने शरीर में दर्जनों त्रिशूल लगाकर, जीभ और गाल में छेद कर तथा कोड़ों से शरीर पर प्रहार सहकर अपनी भक्ति और आस्था का प्रदर्शन किया. भक्तों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे. पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा. अड़की प्रखंड के कपरिया, पुरनानगर, नौड़ी, सिंदरी, जरंगा समेत दर्जनों गांवों में भी मां मनसा देवी की पूजा-अर्चना धूमधाम से की गई. पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां मनसा देवी की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की. जगह-जगह निकाली गई शोभायात्रा में श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल हुए.
ये भी पढ़ें: तोरपा बस स्टैंड का सामुदायिक शौचालय हुआ दुरुस्त, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
ये भी पढ़ें: खूंटी में 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, दो साल से बीमारी से था परेशान
