लोहरदगा जिला के गड़गई गांव निवासी नेहा कुमारी और उसके पड़ोस में रहने वाले अरूण कुमार राणा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया. उनकी हत्या के आरोप में पुलिस ने नेहा के पति गुमला जिला के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव निवासी कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत सहित जितेंद्र सिंह उर्फ जायरा, रितेष चिक बड़ाइक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, बुंडू थाना क्षेत्र के बिरसा मोड़ निवासी कुंदन प्रमाणिक की बहन सती देवी और बहनोई विजय रंजन शर्मा को गिरफतार की है. गिरफ्तार आरोपियों के पास पुलिस को हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, बाइक, लोहे का रॉड, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान जब्त की है. गिरफ्तार आरोपियों को गुरूवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इसकी जानकारी गुरूवार को एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कांफ्रेंस कर दिया. उन्होंने बताया कि दस जुलाई को नेहा कुमारी और अरूण कुमार राणा को खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के समीप तजना नदी के पुल से शव बरामद किया गया था.
हत्या के आरोपी गिरफ्तार, जुर्म कबूला
हत्याकांड के उद्भेदन के लिए खूंटी एसडीपीटो मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया था. टीम ने घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई. उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. छापेमारी में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, पुअनि आदित्य कुमार, कुंदन कुमार, अमरजीत किस्कु, अमरजीत सिंकू, सुधीर कुमार यादव, निशा कुमारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल शामिल थे.
नेहा और कुंदन के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि हत्या के आरोपी पति कुंदन प्रमाणिक और उसकी पत्नी नेहा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. उनके बीच मेंटेनेंस को लेकर कोर्ट में केस भी चल रहा है. नौ जुलाई को नेहा अपने पड़ोसी अरूण कुमार राणा के साथ सुसराल डुडिया गांव कुंदन प्रमाणिक के पास गयी थी. वहां वह अपने पांच साल के बेटे को लेने के लिए गई थी. इस दौरान उनके बीच विवाद हो गया था. जिसके बाद कुंदन प्रमाणिक ने नेहा और अरुण का अपहरण कर खूंटी के घाघरा स्थित तजना नदी पुल के पास लाकर हत्या कर दिया. एसपी ने बताया कि आरोपी कुंदन प्रमाणिक हत्या को अंजाम देने के बाद अपनी बहन सती देवी के घर में जाकर रुका था. उसे घटना की पूरी जानकारी थी. वहीं उसने साक्ष्य को छुपाने का प्रयास किया. एसपी ने कहा कि ऐसी सूचना मिली है कि आरोपी कुंदन प्रमाणिक का कहीं और भी अवैध संबंध था. इसकी जांच की जा रही है. मृतका नेहा के भी अवैध संबंध होने की बात की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: खराब सड़कों और लेटलतीफी पर CM हेमंत ने अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी, 2 माह में व्यवस्था सुधारने का निर्देश
ये भी पढ़ें: जेल में घुसा सांप और डकैत को लिया डंस, अस्पताल में हो रहा इलाज
