जर्जर सड़क बनी मुसीबत सगीरअहमद की रिपोर्ट
खूंटी. खूंटी के कर्रा प्रखंड में कुलहुटू से हाकाजांग गांव होते हुए नगड़ी बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर होकर तालाब में तब्दील हो गयी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और साथ ही पत्थर के बोल्डर भी उभर आए हैं. अब बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर गई है और इन गड्ढों में पानी भर जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को इसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.
कई आवेदन के बाद भी नहीं हुआ मरम्मत
हाकाजांग गांव के ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर मुखिया, पंचायत सचिव, बीडीओ, वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक और सांसद को कई बार मौखिक रूप से जानकारी दी जा चुकी है. वहीं कुछ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को लिखित आवेदन भी दिया गया है. इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गयी हैं.
वर्षों से सड़क की स्थिति खराब
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की स्थिति खराब हैं. इस दौरान तीन-चार जिला उपायुक्तों का कार्यकाल भी गुजर चुका है, लेकिन सड़क की समस्या जस की तस बनी हुई है. यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है. इसी सड़क से ग्रामीण रांची-धुर्वा मुख्य मार्ग तक पहुंचते हैं और नगड़ी बाजार भी जाते हैं. स्कूली बच्चों, किसानों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
जल्द ठीक नहीं हुई सड़क तो करेंगे वोट बहिष्कार
ग्रामीणों ने बताया कि हाकाजांग गांव में आयोजित मंडा मेला के दौरान विधायक राम सूर्या मुंडा को भी सड़क की समस्या से अवगत कराया गया था. करीब एक माह पूर्व पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा को भी ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली की जानकारी दी थी. इसके अलावा हाकाजांग पंचायत के मुखिया सहित प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारियों को भी कई बार समस्या बताई गई, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में पहल नहीं हुई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आगामी समय में सभी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ वोट बहिष्कार का निर्णय लिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: JPSC JSSC Protest: छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ बीजेपी का हल्लाबोल, आज झारखंड बंद का आह्वान
आपसी सहयोग से कराई थी सड़क की मरम्मत
समाजसेवी राज कुमार महतो ने कहा कि पूर्व में ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से सड़क की मरम्मत कराई थी, लेकिन भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण मोरम-मिट्टी टिक नहीं पाती है. वर्तमान में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे छोटी पहिया वाहनों को काफी नुकसान हो रहा है और नए वाहन चालकों को भी आए दिन दुर्घटना का सामना करना पड़ रहा है.
प्रतिदिन लोग हो रहे हैं घायल
ग्रामीण पूरन महतो ने कहा कि सड़क के गड्ढों में प्रतिदिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं. कई बार ग्रामीणों को गड्ढे में गिरे लोगों को उठाना पड़ता है. मुखिया और पंचायत सचिव को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. किसानों और स्कूली बच्चों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है. इसी सड़क से ग्रामीण रांची-धुर्वा मुख्य मार्ग तक पहुंचते हैं और नगड़ी बाजार भी जाते हैं. सड़क की बदहाली के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.