खूंटी. पश्चिम बंगाल के आसनसोल में 25 से 30 अगस्त तक आयोजित 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए खिलाड़ियों ने तीन पदक अपने नाम किये. वहीं, क्लब के छह निशानेबाजों ने अपने प्रदर्शन के दम पर नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया.
1 रजत और 2 कांस्य पदक
चैंपियनशिप के 10 मीटर एयर राइफल वूमेन इवेंट में खूंटी राइफल शूटिंग क्लब की अर्चना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया. वहीं, 10 मीटर एयर पिस्टल के यूथ वर्ग में चिराग कुमार ने रजत पदक अपने नाम किया. चिराग ने जूनियर वर्ग में भी कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.
दो हजार निशानेबाजों ने लिया हिस्सा
ईस्ट जोन चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के करीब दो हजार निशानेबाजों ने विभिन्न इवेंट में हिस्सा लिया. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच खूंटी के छह निशानेबाजों का नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
नियमित अभ्यास और अनुशासन का नतीजा
खिलाड़ियों की सफलता पर खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के कोच अनुज कुमार ने खुशी जतायी. उन्होंने कहा कि शूटिंग में सफलता निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और अनुशासित जीवनशैली से मिलती है. खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास में जिस तरह अनुशासन और मेहनत बरकरार रखी, उसी का परिणाम पदक और नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफिकेशन के रूप में सामने आया है.
खिलाड़ियों को दी बधाई
खूंटी के निशानेबाजों की इस उपलब्धि पर क्लब के सदस्यों, खेल प्रेमियों और स्थानीय खेल संघों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है. साथ ही नेशनल चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
