पलाश कार्यक्रम से मातृभाषा आधारित शिक्षा को मिलेगी नई मजबूती, खूंटी में 151 विद्यालयों के शिक्षकों का चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

खूंटी में मातृभाषा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पलाश कार्यक्रम के तहत 151 विद्यालयों के शिक्षकों का चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ।

खूंटी: खूंटी जिले में मातृभाषा आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पलाश (मल्टीलिंगुअल एजुकेशन) कार्यक्रम के तहत सोमवार से चार दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में जिले के सभी छह प्रखंडों के 151 पलाश विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाते हुए विद्यालयों में प्रभावी, समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाना है.

यह प्रशिक्षण सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, खूंटी तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), खूंटी में आयोजित किया जा रहा है. प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को मातृभाषा आधारित बहुभाषी शिक्षण, बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धति, गतिविधि आधारित शिक्षण, द्विभाषी शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग तथा विद्यार्थियों के अधिगम परिणामों में सुधार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा.

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्तरीय एमएलई टीम के सदस्य नीरज कुमार राणा एवं शैलेंद्र अवस्थी प्रशिक्षण का संचालन कर रहे हैं और शैक्षणिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं. मौके पर जिला कार्यक्रम समन्वयक अंकज कुमार, जिला अकादमिक समन्वयक अजय सिन्हा, सादिया फातिमा, शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स तथा सभी प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.

प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को कक्षा-कक्ष में प्रभावी शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया विकसित करने के साथ विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सकारात्मक एवं स्थायी सुधार लाने के लिए आवश्यक कौशल से भी प्रशिक्षित किया जाएगा. शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से पलाश विद्यालयों में बहुभाषी शिक्षा को और मजबूती मिलेगी तथा बच्चों को उनकी मातृभाषा के माध्यम से बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार ने करियर की शुरुआत 1996 में प्रभात खबर से की. ऑल इंडिया रेडियो, सहारा समय टीवी, इंडिया टुडे एवं राष्ट्रीय सहारा में कार्य अनुभव. यात्रा वृतांत,साहित्य, सामाजिक बदलाव एवं कानूनी मामले की खबरों में रुचि. वर्तमान में मधेपुरा से खबरों का संकलन करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >