खूंटी. जिले के खूंटी, तोरपा, रनिया, कर्रा, मुरहू और अड़की प्रखंडों में रविवार को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक आकलन परीक्षा (एफएलएनएटी) आयोजित की गयी. परीक्षा में करीब 7350 नवसाक्षर महिला-पुरुष शामिल हुए.
डीएसई ने परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा
जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेश महतो ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने जीएमएस सिल्दा, जीएमएस जियारप्पा, जीएमएस चलागी और यूपीएस डोकड़ विद्यालय का निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने परीक्षा में शामिल महिला-पुरुषों से बातचीत कर परीक्षा संचालन की जानकारी ली. डीएसई ने शिक्षकों और परीक्षा से जुड़े कर्मियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालित करने का निर्देश दिया.
परीक्षा के सफल संचालन में डीएसई सुरेश महतो, बीईईओ धीरेंद्र कुमार, विजयलक्ष्मी, राज्य संसाधनसेवी बजरंग साहू, पराग किशोर सिंह समेत अन्य का योगदान रहा.
