खूंटी: स्कूल से निकलकर रथ को दे रहे थे धक्का, करंट लगने से 2 छात्रों की मौत, सात घायल

खूंटी जिले के तोरपा में एक दुखद घटना में, नौ किशोर बिजली के करंट की चपेट में आ गए जब वे एक रथ को धक्का दे रहे थे. इस हादसे में दो छात्रों की जान चली गई जबकि सात अन्य घायल हो गए.

Khunti Student Death News: तोरपा थाना क्षेत्र के कोटेन्गसेरा मौसीबाड़ी के पास खड़े रथ को धक्का दे रहे नौ किशोर हाइवोल्टेज करंट की चपेट में आ गये. इनमें से दो की मौत हो गयी, जबकि सात घायल हो गये. हादसा सोमवार दोपहर में हुआ है. मृतकों में श्री हरि उच्च विद्यालय तोरपा के 12वीं कक्षा के छात्र चंदन कुमार (18, स्कूल के पीछे रहनेवाला) और तीजेश्वर महतो (17, टाटी टुरा गांव का रहनेवाला) शामिल है. वहीं, घायल सात किशोरों में श्रीहरि स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र अरमान आलम (तोरपा), सूजय लोहरा (साईंसेरा), नीलय एक्का (तोरपा), पंजक राम (तोरपा), रूपेश कुमार (इचा), गिरिरराज यादव (कोटेन्गसेरा) और श्रीहरि स्कूल का पूर्व छात्र कमलेश गोप (कोटेन्गसेरा) शामिल हैं. 

लंच ब्रेक के दौरान पहुंचे थे

दोपहर में छात्रों का लंच ब्रेक हुआ था. कुछ बच्चे स्कूल से दूर मौसीबाड़ी के पास चले गये. यहां ये बच्चे रथ को घुमाने के लिए धक्का देने लगे. इसी दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया और नौ छात्र करंट की चपेट में आ गये. स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल घायल बच्चों को रेफरल अस्पताल तोरपा लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी को खूंटी स्थित सदर अस्पताल भेज दिया गया. चंदन कुमार और तीजेश्वर महतो की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गयी. वहीं, अन्य घायलों का इलाज खूंटी सदर अस्पताल में चल रहा है. कोई इन बच्चों को रथ घुमाने के लिए बुलाकर ले गया था या बच्चे खुद वहां गये थे, इसकी जांच की जा रही है. इधर विद्युत विभाग के रांची एरिया बोर्ड के जीएम मनमोहन कुमार ने कहा कि कार्यपालक अभियंता को मामले की जांच करने का निर्देश दिया है. इसके बाद अभियंता वहां गये. तार काफी ऊंचाई पर था, फिर भी लोगों ने सावधानी नहीं बरती. रथ की ऊंचाई अधिक थी, जिसके कारण यह घटना हुई. घटना पर विधायक सुदीप गुड़िया, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा, झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन आदि ने हादसे पर गहरी संवेदना जतायी है.  

घायल होने के बावजूद कमलेश ने सभी को पहुंचाया अस्पताल

घटना में घायल कोटेन्गसेरा गांव का कमलेश गोप श्रीहरि स्कूल का पूर्व छात्र है. वह ऑटो चलाता है. जानकारी के अनुसार, रथ को घुमाने में वह भी शामिल था. घायल होने के बावजूद हिम्मत दिखाते हुए वह दौड़ कर अपने ऑटो के पास पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रों को ऑटो से रेफरल अस्पताल पहुंचाया.

सीएम ने जताया शोक, कहा हादसा दु:खद

खूंटी जिले के तोरपा में हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया है. उन्होंने कहा कि दो मासूम बच्चों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद करने वाला है. मरांग बुरु से दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं. घटना में घायल बच्चों का समुचित इलाज किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: मंगलवार को सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होगी कैबिनेट की बैठक, मॉनसून सत्र पर लग सकती है मुहर

ये भी पढ़ें: लेफ्टिनेंट कर्नल जय प्रकाश ने माउंट कुन फतह कर रचा इतिहास, सैनिक स्कूल तिलैया से कर चुके हैं पढ़ाई


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >