खूंटी. मुरहू प्रखंड के झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद की उपस्थिति में हुई. बैठक में 19 सितंबर को आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की समीक्षा की गयी. पार्टी नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की.
जुबैर अहमद ने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ लोगों में आक्रोश है और विधेयक वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा. झामुमो ने 19 सितंबर को खूंटी जिले के विभिन्न प्रखंडों में इस विधेयक के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया था.
योगेंद्र साव की टिप्पणी की निंदा
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कांग्रेस नेता योगेंद्र साव की टिप्पणी की निंदा की गयी. जुबैर अहमद ने आरोप लगाया कि योगेंद्र साव अपनी गलती छिपाने के लिए सरकार पर दोषारोपण कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मुद्दों पर विरोध दर्ज कराने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी जानी चाहिए.
बैठक में सानिका बोदरा, डिकसन पूर्ति, सलन ओड़ेया समेत अन्य झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.
