झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के आयोजन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त आर रॉनिटा और एसपी मनीष टोप्पो की अध्यक्षता में संयुक्त ब्रीफिंग किया गया. उपायुक्त ने बताया कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 12 अप्रैल को जिले में झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का आयोजन किया जायेगा. इसके लिए खूंटी जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गये हैं. जिसमें 4668 अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में होगा. उन्होंने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न करने का निर्देश दिया. इसके लिए उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, माइक्रो ऑब्जर्वर और पुलिस बल को परीक्षा को लेकर जारी एसओपी का पूर्णतया अनुपालन करने को कहा. वहीं सभी को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. ऑन ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को समय पर रिपोर्टिंग करने और परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, समय पर प्रश्न पत्र वितरण और परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा. पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने प्रतिनियुक्त पुलिस बल को किसी भी प्रकार की चूक होने नहीं देने का निर्देश दिया. कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न करायें. ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, परियोजना निदेशक आइटीडीए आलोक शिकारी कच्छप, अपर समाहर्ता परमेश्वर मुंडा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरूण रजक, पंचायत राज पदाधिकारी शिशिर कुमार सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सहित प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस विभाग के पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे.
12 अप्रैल को होगी उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.