खूंटी. साकेत कुमार सिंह (IPS), पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड सेक्टर के दिशा-निर्देश और अशोक कुमार सिंह, कमांडेंट, 94वीं बटालियन कोबरा के मार्गदर्शन में 209 कोबरा बटालियन में 18 से 20 सितंबर तक अंतर बटालियन/ग्रुप केंद्र शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में झारखंड सेक्टर की कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया. इनमें 11, 26, 60, 134, 172, 174, 193 और 197 बटालियन के साथ ग्रुप केंद्र रांची और ग्रुप केंद्र जमशेदपुर की टीमें शामिल थीं.
197 बटालियन ने जीता खिताब
प्रतियोगिता का समापन 20 सितंबर को हुआ. इसमें 197 बटालियन ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि 172 बटालियन उपविजेता रही. समापन समारोह के मुख्य अतिथि उपायुक्त खूंटी मो. जावेद हुसैन ने विजेता और उपविजेता टीमों के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया. उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी टीम भावना और आपसी तालमेल के साथ काम करने का संदेश दिया. समारोह के दौरान प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की गई. मौके पर 94वीं वाहिनी के उप कमांडेंट रवि शंकर, सहायक कमांडेंट प्रशांत कुमार जेना, निरीक्षक/जीडी अजीत कुमार ठाकुर समेत सभी प्रतिभागी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
