तोरपा. सदर अस्पताल खूंटी स्थित रक्त केंद्र के तत्वावधान में मंगलवार को तोरपा प्रखंड सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर की शुरूआत प्रखंड विकास पदाधिकारी नवीन चंद्र झा ने सर्वप्रथम रक्तदान कर किया. इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि रक्तदान महादान होता है.
जिले में एकमात्र रक्त केंद्र में रक्त की कमी न हो इसके लिए उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड वार रक्तदान शिविर लगाया जा रहा है. उपाधीक्षक डॉ आनंद किशोर उरांव ने उपस्थित सभी कर्मचारियों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि आपके एक यूनिट रक्त से तीन लोगों को नया जीवन मिलता है.
रक्तदान करने से शरीर में कोई कमजोरी नहीं होती है. शिविर में कुल 11 लोगों ने रक्तदान किया. वहीं 25 लोगों ने अपना स्वास्थ्य जांच कराया. रक्तदान करने वालों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनुमिता कुमारी, सचिन मांझी, संतोष कुमार, सुशांत कुमार, ममता कुमारी, सुषमा कुजूर सहित अन्य उपस्थित थे.
