कर्रा (खूंटी): खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड में कम नामांकन वाले विद्यालयों को नजदीकी स्कूलों में मर्ज करने के प्रस्ताव को लेकर मंगलवार को बीडीओ स्मिता नगेशिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विद्यालयवार पांच से 11 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की संख्या और कक्षावार नामांकन की स्थिति की समीक्षा की गई.इस दौरान राजकीय मध्य विद्यालय बाला और उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय आमझरिया में कम नामांकन के कारणों पर चर्चा की गयी. समीक्षा में सामने आया कि कुछ विद्यालयों में शिक्षकों की लापरवाही और पठन-पाठन में रुचि नहीं लेने के कारण अभिभावकों ने अपने बच्चों का नामांकन दूसरे स्कूलों में करा दिया है.
ये भी पढ़ें- रांची में बेखौफ बदमाशों ने युवक को घेरकर पीटा, चाबी छीनी और बाइक लेकर हुए फरार
बीडीओ ने संबंधित शिक्षकों को फटकार लगाते हुए शिक्षण कार्य में गंभीरता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने और बच्चों का नामांकन बढ़ाने के लिए शिक्षकों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी. उन्होंने कम नामांकन वाले विद्यालयों को 15 दिनों का समय देते हुए नामांकन बढ़ाने का निर्देश दिया. इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने, प्रभात फेरी निकालने और ग्राम सभा के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित करने को कहा गया.
ये भी पढ़ें- संत जोसेफ स्कूल के छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकाली
