खूंटीः सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. अहले सुबह से ही मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे. मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा. श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की.
आम्रेश्वर धाम में विशेष उत्साह
अंगराबाड़ी स्थित प्रसिद्ध बाबा आम्रेश्वर धाम में तीसरी सोमवारी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे और कतार में लगकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. इस बार तीसरी सोमवारी के साथ नाग पंचमी का संयोग होने से श्रद्धालुओं में खास उत्साह रहा.
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, नाग पंचमी और सोमवार का ऐसा संयोग लंबे अंतराल के बाद आया है. इसे देखते हुए धाम में विशेष पूजा-अर्चना और शृंगार की व्यवस्था की गई थी. श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रबंध समिति और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाएं भी की गई थीं.
ये भी पढ़ें- जेएसएससी का हालः हर नियुक्ति में लग रहे तीन से चार साल, टुकड़ों में जारी हो रहा रिजल्ट, कटऑफ का पता नहीं
शहर के शिवालयों में भी उमड़ी भीड़
इधर, खूंटी शहर के विभिन्न शिवालयों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. वहीं पुरुषों और युवाओं ने भी जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की. सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर मंदिरों के आसपास पूजा सामग्री, फूल, बेलपत्र और प्रसाद की दुकानें सजी रहीं. श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा.
