शिक्षा में गरीबी को बाधक न समझें : सांसद

खूंटी : विद्यार्थी जीवन का काफी महत्व है. जिसने भी इसका निर्वहन सही ढंग से किया, उसे सफलता मिलना तय है. वास्तव में शिक्षा व्यक्ति के लिए अनश्वर संपदा है, जो आजीवन उसके साथ रहता है. यह बात बुधवार को सांसद कड़िया मुंडा ने खूंटी के राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में स्कूल चलें, चलायें अभियान […]

खूंटी : विद्यार्थी जीवन का काफी महत्व है. जिसने भी इसका निर्वहन सही ढंग से किया, उसे सफलता मिलना तय है. वास्तव में शिक्षा व्यक्ति के लिए अनश्वर संपदा है, जो आजीवन उसके साथ रहता है. यह बात बुधवार को सांसद कड़िया मुंडा ने खूंटी के राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में स्कूल चलें, चलायें अभियान के समापन मौके पर विद्यार्थियों के बीच पुस्तक वितरण समारोह में कही. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2025 तक हर बच्चे को साक्षर बनाना है.
अभी तक जितनी सफलता इसमें मिलनी चाहिए, वह नहीं मिली है. कारण गांव के बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि की कमी या फिर अन्य कारण हैं. इस बार सरकार ने कक्षा एक एवं दो में क्षेत्रीय भाषा में बच्चों को पाठ्य पुस्तकें दी है. इससे उम्मीद है कि जनजातीय व गांवों के बच्चों में शिक्षा ग्रहण करने की उम्मीद जगेगी. बच्चों में शिक्षा का बेस मजबूत होगा. विद्यार्थियों से उन्होंने शिक्षा के मार्ग पर चलने के लिए गरीबी को कदापि बाधक नहीं समझें. पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम, पीएम नरेंद्र मोदी व अन्य का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ये महान लोगों ने बचपन से काफी गरीबी को झेला. पर शिक्षा पाने के जज्बे के कारण सफलता उनके कदमों को हमेशा चूमती रही. डीसी मनीष रंजन ने कहा कि स्कूल चलें, चलायें अभियान मेें स्कूल जाने से वंचित बच्चों का स्कूल में नामांकन कराया गया. सबों ने अपनी प्रतिबद्धता को मिल-जुल कर सफल बनाया.
उन्होंने कहा कि जिले में कक्षा एक एवं दो के बच्चों को मुंडारी भाषा में पुस्तकें दी गयी, ताकि ग्रामीण बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बनी रहे. उम्मीद है कि यह प्रयास काफी सफल होगा. बच्चे खेल-खेल में मुंडारी भाषा में गणित व अन्य विषयों की पढ़ाई एक नयी रुचि के साथ करेंगे. बच्चों को पढ़ाई बोझ साबित नहीं होगा. आगे उन्होंने कहा कि अभियान के तहत गांवों के कक्षा आठ एवं 10 के बच्चे पढ़ाई को आगे जारी नहीं रखते थे.
ऐसे बच्चों का भी नामांकन स्कूलों में कराया गया. जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र चंद्र घोष ने स्वागत भाषण दिया. उन्होंने बताया की बुधवार को जिले के सभी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को सरकार के द्वारा पुस्तकों का वितरण नि:शुल्क कर दिया गया है. मौके पर सांसद ने कक्षा एक एवं दो के लिए मुंडारी भाषा में बनी पुस्तकों का लोकार्पण भी किया. पुस्तक को बनाने में डॉ वीरेंद्र सोय एवं शिक्षिका नौरी पूर्ति के प्रयासों की सराहना की. कार्यक्रम का संचालन अमृता सिंह ने किया.
मौके पर मौजूद लोग: इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ बिनोद उरांव, कार्यपालक अभियंता आनंद कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी भलेरियन तिर्की, कार्यपालक दंडाधिकारी रवींद्र गागराई, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, उपाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र, जिला कल्याण पदाधिकारी सुषमा नीलम सोरेंग, प्रमुख रुकमिला देवी, उप-प्रमुख जितेंद्र कश्यप, डीपीआरओ रोहित कुमार, प्राचार्या सुषमा कुमारी, नीरावती देवी आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >