रेलवे क्लब खलारी के बाहर 36 घंटे की भूख हड़ताल हैं रनिंग कर्मचारी
खलारी : ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन तथा ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल की संयुक्त समिति के ज्वाइंट एक्शन कमेटी के निर्णय के आलोक में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट तथा गार्ड 36 घंटे की भूख हड़ताल पर हैं. रेलवे क्लब खलारी के बाहर सुबह आठ बजे से इनकी भूख हड़ताल शुरू हुई.
हड़ताल के दौरान धनबाद रेल मंडल के रनिंग रूमों में चालक दल तथा गार्ड ने अपना भोजन नहीं बनवाया. इसके अलावा रेलवे प्रशिक्षण केंद्र भूली व डीजल प्रशिक्षण केंद्र धनबाद में भी सैकड़ों प्रशिक्षु चालक व गार्ड ने 36 घंटे तक भोजन नहीं करने की सूचना अपने अधिकारियों को दी है. रनिंग स्टाफ अपनी आठ सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर गये हैं. यूनियनों के मंडल सचिव ने बताया कि इस भूख हड़ताल को रिले फास्ट के रूप में चलाया जा रहा है. ड्यूटी ऑफ करके आनेवाले स्टाफ धरना स्थल पर आते रहेंगे व जिनकी ड्यूटी लगेगी वे जाते रहेंगे.
