प्रत्येक कस्तूरबा विद्यालय को एंबुलेंस देने पर सहमति बनी
मसना व कब्रिस्तान की घेराबंदी का काम जल्द शुरू होगा
खूंटी. पंचायत समिति खूंटी की विभागीय बैठक सोमवार को उप्रप्रमुख जितेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में हुई. मौके पर बीडीओ(प्रशिक्षु आइएएस) विजया जाधव भी मौजूद थी. उन्होंने कहा कि अधिकारी सरकारी योजना का समुचित लाभ जनता को दें. काम में पूरी तरह पारदर्शिता हो, इसका सदैव ख्याल रखा जाये. कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की चर्चा के बाद प्रत्येक संबंधित स्कूल में एक एंबुलेंस देने का प्रस्ताव पारित किया गया. कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया की पानी पंचायत योजना के तहत गांवों के लोगों को सरकार डीप बोरिंग अनुदान पर देगी. इसमें लाभुक को काफी कम रकम का भुगतान करना होगा.
अधिकारियों ने बताया कि जिन किसानों ने धान बिक्री संबंधित विभाग से किया है, उनके बकाये राशि का भुगतान अगले तीन दिनों के अंदर कर दिया जायेगा. अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को प्रथम किस्त उनके बैंक खाते में भेज दिया गया है. उपप्रमुख ने आपूर्ति विभाग के समीक्षा के क्रम में कई परिवार के सदस्यों का नाम राशन कार्ड में छूटने की बात कही. अधिकारियों ने कहा कि राशन कार्ड में छूटे लोगों का नाम जोड़ने का काम जारी है. श्री कश्यप ने मोबाइल चिकित्सा टीम को सभी मशीनें दुरुस्त कर व समुचित दवाओं के साथ गांव जाने का निर्देश दिया. मोबाइल चिकित्सा टीम को गांवों में भेजने से पहले अधिकारी एक माह पूर्व रोस्टर तैयार करें.
रोस्टर के आधार पर उक्त गांव के ग्रामीणों को टीम जाने की सूचना अवश्य दें. कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मसना व कब्रिस्तान की घेराबंदी का काम जल्द शुरू किया जायेगा. बैठक में प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक राजेन कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कर्ण प्रसाद, बीइइओ इंद्रदेव कुमार मौजूद थे.
