दिखावा बना शौचालय, उपयोग नहीं करते लोग
ग्रामीण जा रहे खुले में शौच
रनिया : खुले में शौच मुक्त को लेकर प्रखंड में 8178 शौचालय का निर्माण किया जा रहा है. प्रखंड में बनई पंचायत ओडीएफ हो चुका है. यहां 1227 शौचालय बनाने का लक्ष्य है, जिसमें 1218 का निर्माण हो चुका है. इधर ग्रामीण इलाकों में पानी की घोर किल्लत है. पानी के अभाव में ग्रामीण शौचालय का उपयोग नहीं करते हैं. तोकेन गांव के लच्छु पहान, राम पहान, सोमा पहान, सुनेम कोंगाड़ी, आनंद कोनगाडी, इलियास, महावीर मांझी समेत कई लोगों ने बताया कि सरकार द्वारा आनन-फानन में शौचालय तो बना दिया गया, लेकिन पानी की व्यवस्था नहीं की गयी. यदि पानी की व्यवस्था हो जाती, तो शौचालय बेकार नहीं होते.
जिप सदस्य विराजमुनि सुरीन व मुखिया सीमा ने बताया कि पानी के अभाव में ग्रामीण शौचालय का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं. लोग पीने का पानी ही बड़ी मशक्कत से लाते हैं. जब तक सरकार पानी की व्यवस्था नहीं करेगी, तब तक गांवों में स्वच्छता अभियान सफल नहीं होगा. इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता राहुल होरो से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सरकार शौचालय निर्माण हो जाने के बाद गांवों में जलापूर्ति योजना के तहत डीप बोरिंग के जरिये पानी उपलब्ध करायेगी. इस पर मंथन चल रहा है.
