खूंटी व अड़की में पुलिस का अभियान जारी
खूंटी. एसपी अश्विनी सिन्हा के निर्देश पर पुलिस ने शुक्रवार को खूंटी व अड़की थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 175 एकड़ भूमि पर अवैध पोस्ते की खेती को नष्ट किया. एसपी को सूचना मिली थी कि दोनों थाना क्षेत्र के सीमान क्षेत्र में व्यापक मात्रा में पोस्ते की खेती की गयी है.
इसके बाद एसपी द्वारा खूंटी थाना की गठित टीम में शामिल थानेदार अहमद अली, पुअनि राजन कुमार, सअनि उपेंद्र सिंह व पुलिस बल ने जिलिंगा, करटोली व बिरजिला गांव में छापेमारी कर कुल 35 एकड़ भूमि पर पोस्ते की खेती को नष्ट किया. वहीं अड़की के लिए गठित टीम में शामिल थानेदार हरिदेव प्रसाद, पुअनि बमबम कुमार, सअनि सुनील कुमार सिंह व कमलेश चौधरी तथा पुलिस बल ने रायतोड़ांग एवं जोरोंगडीह में छापेमारी कर 140 एकड़ भूमि पर लगी पोस्ते की खेती नष्ट की. एसडीपीओ रणवीर सिंह के मुताबिक जिला में अबतक 1488 एकड़ भूमि पर अवैध पोस्ते की खेती नष्ट की जा चुकी है.
