नमाज के बाद मांगी अमन-चैन व खुशहाली की दुआ
लोगों ने एक-दूसरे के घरों में जाकर सेवई का आनंद उठाया
खूंटी : ईद का त्योहार हर्षोल्लास मनाया गया. स्थानीय बड़ी मसजिद में सुबह दो पालियों में मो जमालुद्दीन कासमी व हाफिज उजैफा, मसजिदे जोहरा में हाफिज साजिद एवं जन्नतनगर मसजिद में अयाज खान मुफ्ती ने नमाज पढ़ायी. बड़ी मसजिद में मौलाना जमालुद्दीन ने अपने पैगाम में कहा कि जिस तरह आप रोजे में सहनशील बने थे व अधिक से अधिक नमाज अदा करते थे.
वैसे ही आम दिनों में भी करें. उन्होंने सबों को ईद की बधाई देते हुए देश में अमन-चैन व तरक्की के लिए दुआ मांगी. नमाज के बाद लोग आपस में गले मिले व ईद की मुबारकवाद दी. मुबारकवाद देने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा.
पोशाक में भा रहे थे बच्चे
ईद को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था. बच्चे नयी पोशाक में खूब भा रहे थे. त्योहार को लेकर मुसलिम बहुल क्षेत्रों को रंग-बिरंगे कागज व बल्ब से सजाया गया था.
कई जगह ईद मिलन समारोह आयोजित किया गया. लोगों को सेवई परोसी गयी. इसमें कई नेताओं व विभिन्न समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया. विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, उपाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने ईद पर सभी को बधाई दी.
