खलारी : धमधमिया हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए बुधवार को खोजी कुत्ते को बुलाया गया. थानेदार राजदेव प्रसाद ने बताया कि खोजी कुत्ता घटनास्थल से जंगल होता हुआ दामोदर नदी तक गया. संभावना जतायी कि अपराधी नदी पार कर किसी वाहन से भाग निकले.
इसके अलावे सीआइडी के डीएसपी पीके राय व स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम भी घटनास्थल पहुंच कर आवश्यक तथ्य जुटाये. राजदेव प्रसाद ने बताया कि पुलिस को सुराग मिला है और जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे. स्थानीय लोगों को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए निर्भय होकर रहने को कहा है.
छह सहित अन्य पर मुकदमा दर्ज
खलारी थाना क्षेत्र के धमधमिया में मंगलवार की शाम हुई दो युवकों की हत्या मामले में पुलिस ने छह सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. घटना में मारे गए दुखन गंझू की पत्नी सुनीता देवी के बयान पर पुलिस ने छह सहित अन्य को आरोपी बनाया है.
खलारी थानेदार राजदेव प्रसाद ने बताया कि आपसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया है. दुखन गंझू की पत्नी सुनीता देवी के बयान पर सागर गंझू, रौशन गंझू, शंकर गंझू, मनीष, संतोष और नीरज सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
थानेदार ने बताया कि सारे आरोपी टीपीसी संगठन के लोग हैं. कहा कि दुखन गंझू भी टीपीसी का ही समर्थक रहा था और इस मामले में जेल भी जा चुका है. सुनीता देवी ने अपने लिखित बयान में कहा है कि सागर गंझू की पत्नी सीसीएलकर्मी है. दुखन गंझू का सागर गंझू की पत्नी के साथ अवैध संबंध था. सुनीता ने कहा है कि इसी मामले को लेकर सागर जनवरी में दुखन का अपहरण भी किया था. बयान में कहा है कि सागर गंझू व रौशन गंझू ने ही दुखन गंझू को गोली मारी. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
