मैक्लुस्कीगंज में माओवादियों का आतंक
चामा-मैक्लुस्कीगंज सड़क निर्माण में लगे थे
खलारी : मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में चामा-मैक्लुस्कीगंज सड़क निर्माण में लगे 10 वाहनों को माओवादियों ने आग के हवाले कर दिया. घटना शुक्रवार दिन के करीब एक बजे की है. करीब 150 की संख्या में आये माओवादियों ने सबसे पहले निर्माण कार्य में लगे मजदूर, मुंशी और आसपास स्थित घरों में रह रहे लोगों को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद सड़क निर्माण में लगी कंपनी स्पाइका के ही ड्रम में रखे डीजल निकाले और दो जेसीबी मशीन व पांच ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया.
इसके बाद करीब 200 मीटर की दूरी पर खड़े एक हाइवा, डंपर और एक बोलेरो पिकअप वैन में भी आग लगा दी. बताया जाता है कि माओवादियों ने कुछ वाहनों में तो खुद आग लगायी, वहीं कुछ अन्य वाहनों में उनके चालकों से ही आग लगवा दी. सभी माओवादी वरदी में थे. उनके पास आधुनिक हथियार थे. सभी कोनका जंगल की ओर से आये थे. स्पाइका कंपनी पलामू के ठेकेदार संतोष सिंह की है.
सड़क को दोनों ओर से कर दिया सील : घटना को अंजाम देने से पहले माओवादियों ने सड़क को दोनों ओर से सील कर दिया था. आसपास के जंगलों में भी जहां-तहां मोरचा संभाले थे.
माओवादी करीब 45 मिनट तक घटनास्थल पर रहे. इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की. सड़क निर्माण में लगे मजदूरों ने बताया कि घटना के दौरान सफेद रंग का एक बोलेरो इधर-उधर घूम कर स्थिति पर नजर रख रहा था. घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली लातेहार जिले की ओर जंगल में चले गये. माओवादियों ने परचा भी छोड़ा है.
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
सूचना मिलने के बाद खलारी डीएसपी प्रमोद कुमार केसरी, खलारी इंस्पेक्टर सह थानेदार राजदेव प्रसाद और मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी, एसएसबी के अधिकारी व जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली. देर शाम डीआइजी आरके धान व ग्रामीण एसपी राजकुमार लकड़ा भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने सीसीएल एनके एरिया की माइंस रेस्क्यू टीम को बुला कर वाहनों में लगे आग को बुझाने का प्रयास किया.
161 दिन में जलाये 43 वाहन
19 जनवरी : गुमला के पालकोट में उग्रवादियों ने शिवालिया कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्लांट की मशीन व एक गाड़ी में आग लगा दी
31 जनवरी : चाईबासा के किरीबुरु में नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे आठ वाहनों को फूंका
11 फरवरी : दुमका के गोपीकांदर क्षेत्र में सड़क निर्माण में लगी पांच जेसीबी मशीन को नक्सलियों ने फूंका
161 दिन में जलाये 43 वाहन
11 फरवरी : लोहरदगा में टीपीसी के उग्रवादियों ने 11 ट्रकों को खाई में धकेल दिया
16 फरवरी : रांची-टाटा रोड पर नक्सलियों ने एक ट्रक को फूंका
16 फरवरी : मैकलुस्कीगंज में नक्सलियों ने दो ट्रैक्टर को फूंका
10 मार्च : लातेहार के चंदवा में उग्रवादियों ने एक जेसीबी मशीन में तोड़-फोड़ की
11 मार्च : चाईबासा के सोनुआ में नक्सलियों ने जेसीबी मशीन को जला दिया
17 मार्च : रांची के राहे थाना क्षेत्र के सोसो में नक्सलियों ने एक जेसीबी व एक रोड रोलर को फूंक दिया
19 मार्च : दुमका के गोपीकांदर को कुंदापहाड़ी गांव के पास नक्सलियों ने दो जेसीबी को फूंक दिया
11 अप्रैल : रामगढ़ में सीसीएल की परेज पूर्वी उत्खनन परियोजना में उग्रवादियों ने तीन हाइवा को फूंक दिया
17 मई : रामगढ़ के केदला वाशरी में टीपीसी के उग्रवादियों ने डंपर को क्षतिग्रस्त किया
20 मई : गुमला के घाघरा की बिमरला स्थित हिंडाल्को माइंस के आवासीय परिसर में खड़े तीन वाहनों को उग्रवादियों ने जला दिया
21 मई : दुमका के शिकारीपाड़ा में नक्सलियों ने क्रशर प्लांट पर लगे दो जेसीबी व दो डंपर को फूंका. एसपी ने कहा अपराधियों ने जलाया
26 मई : बुढ़मू में पीएलएफआइ ने सड़क निर्माण में लगी जेसीबी में आग लगायी
10 जून : मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण में लगे नौ वाहनों को नक्सलियों ने जला दिया
