डकरा : खेल के प्रति बच्चों का जितना नैसर्गिक झुकाव होगा, प्रतिभा उसी तेजी से उभर कर सामने आती है. डकरा स्टेडियम में पहुंचे बच्चों में वह उत्साह दिख रहा है. उक्त बातें झारखंड खेल विवि के सीसीएल सीइओ आलोक कुमार ने कही. वे झारखंड खेल विवि के लिए चयन किये जा रहे छोटे बच्चों का ट्रायल प्रोग्राम देखने के बाद स्टेडियम में बच्चों व अभिभावकों को संबोधित कर रहे थे. मौके पर एनके एरिया के महाप्रबंधक केके मिश्र ने कहा कि एनके पिपरवार व आसपास के क्षेत्रों ने सीसीएल को एक से बढ़ कर एक खिलाड़ी दिये हैं.
उम्मीद है कि इस इलाके के छोटे बच्चे अधिक से अधिक संख्या में चयनित होकर राज्य व देश का नाम रौशन करेंगे. संचालन व धन्यवाद ज्ञापन एनके एरिया के मुख्य कार्मिक प्रबंधक एके सिंह ने किया. मौके पर झारखंड कुश्ती व हॉकी संघ के अध्यक्ष भोला सिंह, सीसीएल मुख्यालय की पुष्पा हसा, जवाहर झा, सीडी सिंह, ज्ञान सिंह, राकेश पाठक, आरके मिश्रा, आरएन खंडित, विशाल सिंह, दिवाकर साहू, राकेश कुमार सिंह, यूसी गुप्ता, यूडी बारा, बिनोद राम, जयश्री, पुष्पा, नरेश करमाली, मिस मैरी सहित यूनियन लीडर मौजूद थे.
अनदेखी पर जतायी नाराजगी : खेल आयोजन में प्रखंड के पंचायत समिति सदस्यों को नहीं पूछा जाना दुर्भाग्यजनक है. उक्त बातें खलारी प्रखंड प्रमुख सोनी तिग्गा ने बयान जारी कर कही है.
उन्होंने कहा कि सीसीएल ने इस आयोजन में मुखिया के संपर्क मेें रह कर काम किया, जो सराहनीय है. लेकिन पंचायत समिति सदस्यों को भी आयोजन से जोड़ कर उसे और सफल बनाया जा सकता था. अगली बार इस तरह की अनदेखी हुई, तो सीसीएल के कार्यक्रम का बहिष्कार किया जायेगा.
