खूंटी. जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) खूंटी के तत्वावधान में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय के सभागार में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिले के कुल 64 शिक्षकों को सम्मानित किया गया.
जिला शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान-2026 के लिए राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय दिसीपीड़ी, अड़की के सहायक शिक्षक नरेश कुमार महतो को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया. सम्मानित शिक्षकों में सी-सीपीडी के मास्टर ट्रेनर, पुस्तक और मॉड्यूल लेखन, मॉर्निंग असेंबली कंटेंट निर्माण, शोध कार्य तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर योगदान देने वाले शिक्षक हैं.
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन अर्चना खलखो, मीनू बड़ाइक, प्रधानाध्यापिका प्रतिमा कुमारी तथा जिला उत्कृष्टता पुरस्कार-2025 के लिए मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय के रघुनाथ महतो समेत अन्य शिक्षक सम्मानित हुए. डायट की प्राचार्या दीप्ति कुमारी ने शिक्षकों को सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया. जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेश महतो ने तकनीक के अनुरूप स्वयं को ढालते हुए विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने में भूमिका निभाने के लिए कहा.
