Khunti News: कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में सुकरा महतो की हत्या करने वाले उनके ही रिश्तेदार थे. उनके रिश्तेदारों ने जमीन विवाद को लेकर उनकी हत्या कर दी. वहीं, हमलावरों ने उनके बेटे अर्जुन महतो को भी घायल कर दिया. पूरे मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में विकास महतो, विनोद महतो उर्फ अजीत महतो, राम प्रसाद महतो, सिकंदर महतो और रामू महतो शामिल हैं. पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और एक बाइक बरामद किया है. इसकी जानकारी सोमवार को एसपी मनीष टोप्पो ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी.
जमीन को लेकर था पूरा विवाद
खूंटी एसपी ने बताया कि सुकरा महतो को उनके ससुर ने जमीन दी है. जिसपर वह घर बनाकर रहते थे. यह बात उनके रिश्तेदारों को पसंद नहीं था. उन्हें लगता था कि सुकरा महतो ने जमीन पर कब्जा कर रखा है. इसे लेकर केस भी चला था. जिसमें रिश्तेदारों की हार हुई थी. इसी को लेकर उन्होंने सुकरा महतो और उनके परिवार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. इसके बाद उन्होंने छह मार्च को घटना को अंजाम दिया. उस मामले में कुल 11 नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.
दो शूटर अब भी फरार
एसपी ने आगे बताया कि सभी आरोपी हत्याकांड को अंजाम देकर भागने की फिराक में थे. इसकी सूचना मिलते ही छापेमारी दल का गठन कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, एक देसी कट्टा और कुदा जंगल से बरामद किया गया, जहां उसे छुपा दिया गया था. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विकास महतो शूटर भी है. वहीं, दो और शूटर फरार हैं. दोनों शूटर बाहर के थे. एसपी ने कहा कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
छापेमारी में तोरपा एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा, इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, जरियागढ़ थाना प्रभारी बिरेंद्र कुमार, मुरहू थाना प्रभारी नोयल गोडविन केरकेट्टा, पुअनि दीपक कांत कुमार, जुगेश सिंह, जितेंद्र राम, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल शामिल थे.
ये भी पढ़ें…
माफी मांगें गिरिडीह के डीसी, बाबूलाल मरांडी ने जल सहिया के वेतन मामले पर सीएम हेमंत को घेरा
रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालु से मारपीट का मामला गरमाया, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड
