पिपरवार : आरसीएम साइडिंग के निकट स्टेशन रोड मुहल्ले में सोमवार सुबह शंकर पासवान (32) नामक युवक की मुहल्ले के ही दो लोगों ने सिर पर ईंट से प्रहार कर घायल कर दिया. घटना के बाद आक्रोश में मुहल्लेवाले लाठी-डंडों से लैस होकर पिटायी करनेवाले के घर आ धमके. लोगों से घिरा देख कर उसने अपने आप को घर में बंद कर लिया.
घटना की सूचना मिलने के बाद खलारी पुलिस आरोपी वीरेंद्र गिरि व उसके पुत्र विक्की गिरि को पकड़ कर थाना ले गयी. आरोपी रिश्ते में पिता-पुत्र हैं. उधर, घायल युवक को इलाज के लिए बचरा स्थित सीसीएल के क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया. शंकर का सिर छह जगहों पर फट गया है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शंकर सुबह में अपने बच्चे को स्कूल छोड़ कर बाइक से लौट रहा था. इसी बीच रास्ते में ही आरोपी पिता-पुत्र ने उसे पकड़ कर मारपीट की. मारपीट की पृष्ठभूमि में जमीन विवाद बताया जा रहा है. पीड़ित मुहल्ले में ही होटल चलाता है, जबकि मारपीट करनेवाले वीरेंद्र गिरि मवेशी रख कर दूध का व्यवसाय करते हैं.
