खूंटी : खूंटी जिला के गांवाें में पत्थलगड़ी करनेवाली ग्रामसभा अपने-आप को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की तैयारी में है़ पत्थलगड़ी के नेतृत्वकर्ता जोसेफ पूर्ति के अनुसार तीन जून को उदबुरू गांव में बैंक ऑफ ग्रामसभा की शुरुआत की जायेगी़ बैंक ऑफ ग्रामसभा में रुपये जमा करने के लिए खाता भी खोला जायेगा. इसके लिए पासबुक भी छपवाये गये हैं. जिसमें अशोक स्तंभ के साथ बैंक ऑफ ग्रामसभा, रूढ़ि प्रथा प्राकृतिक ग्रामसभा, बचत खाता पासबुक लिखा गया है. बैंक ऑफ ग्रामसभा का संचालन कैसे किया जायेगा और इसमें ग्रामीण कैसे रुपये जमा करेंगे, अभी इसकी कोई जानकारी नहीं दी गयी है.
लेकिन पूर्व में जोसेफ पूर्ति द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार स्वयं सहायता समूह के रूप में समिति गठित कर बैंक का संचालन किये जाने की योजना है. उनके अनुसार ग्रामीण अपनी राशि बैंक के बजाय बैंक ऑफ ग्रामसभा में जमा करायेंगे़ उन्होंने कहा है कि आधार कार्ड आम नागरिकों के लिए है. आदिवासी आम नागरिक नहीं हैं, बल्कि भारत के मालिक हैं. जहां-जहां आधार कार्ड की मांग की जायेगी, वहां आदिवासी नहीं जायेंगे. पत्थलगड़ी किये गये गांवों में ग्रामसभा से संचालित अपनी शिक्षण व्यवस्था शुरू करने की भी योजना तैयार की गयी है. इसके लिए आदिवासी बोर्ड का गठन किया जा रहा है. इसकी शुरुआत भी तीन जून को उदबुरू गांव से ही करने की योजना है़
अपना बैंक चलाना गैर कानूनी, कार्रवाई करेंगे :
इस सबंध में उपायुक्त सूरज कुमार ने कहा कि पूरे मामले पर निगरानी रखी जा रही है. अपना बैंक चलाना गैर कानूनी है़ अगर ऐसा कुछ किया गया, तो नियम सम्मत कार्रवाई की जायेगी़
