चूरी तथा होयर के ग्रामीणों का आंदोलन
खलारी/पिपरवार : डकरा परियोजना खदान में हो रहे हैवी ब्लास्टिंग तथा प्रदूषण के विरोध में सोमवार को चूरी तथा होयर गांव के ग्रामीणों ने कोयला ढुलाई का काम ठप करा दिया. दोपहर ढाई बजे डकरा खदान में हुए ब्लास्टिंग के बाद ग्रामीण एकत्र हुए व पहले डकरा साइडिंग तथा कोयला ढुलाई का काम बंद करा दिया.
ढुलाई बंद होने के कारण सड़क पर डंपरों की कतार लगी गयी. ग्रामीणों ने बताया कि खदान में हैवी ब्लास्टिंग के कारण उनके घरों में दरार आ गयी है. वहीं प्रदूषण के कारण रहना मुश्किल हो गया है.
खेत में लगी फसलों पर भी प्रदूषण का असर पड़ रहा है. इस संबंध में कई बार सीसीएल प्रबंधन को अवगत कराया गया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिलता रहा है. शाम पांच बजे सीसीएल प्रबंधन की ओर से खान प्रबंधक तथा कार्मिक अधिकारी एसके गोस्वामी ग्रामीणों से वार्ता करने आये. आश्वस्त किया कि बुधवार को गांव में जाकर ब्लास्टिंग से नुकसान का जायजा लिया जायेगा तथा पंचायत सचिवालय में ग्रामीणों के साथ बैठक की जायेगी. जिसके बाद शाम छह बजे कोयला ढुलाई व साइडिंग का काम चालू हुआ. वार्ता में ग्रामीणों की ओर रूबी यादव, भूषण यादव, विजय यादव, जगन्नाथ यादव, मनदीप यादव, किशोर यादव, भोला यादव शामिल थे.
