Ranchi Durga Puja: रांची में दुर्गापूजा के दौरान सुगम यातायात और सुदृढ़ विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू की है. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार को विकास योजनाओं, अतिक्रमण, यातायात और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, प्रमुख पूजा पंडाल और भीड़ वाले क्षेत्रों में आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, सड़कों पर अतिक्रमण और विधि-व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं की जानकारी ली. इसके बाद पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
अवैध कट हटेंगे, ट्रैफिक प्लान बनेगा
उपायुक्त ने शहरी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर वहां बने अनधिकृत कट्स की सूची तैयार करने का निर्देश दिया. यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अनावश्यक कट्स को हटाने को प्राथमिकता दी जाये. दुर्गापूजा के दौरान वाहन और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है, इसलिए जाम वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने को कहा गया. उन्होंने कहा कि जहां से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण न हो इसके लिए निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, एसडीओ कुमार रजत और अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: रांची: PM के रोजगार मेले में 143 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, CCL सभागार में मंत्री संजय सेठ ने बांटे नियुक्ति पत्र
वेंडर मार्केट के लिए जमीन चिन्हित होगी
उपायुक्त ने नगर निगम और अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय कर वेंडर मार्केट के लिए स्थान चिन्हित करने का निर्देश दिया. इससे फुटपाथ और सड़क किनारे अनियमित दुकान लगाने की समस्या नियंत्रित होगी और व्यवस्थित वेंडिंग की व्यवस्था बनेगी. इसके लिए शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध खाली सरकारी भूमि को चिन्हित कर सूची तैयार करने को कहा गया. बिजली खंभों पर बेतरतीब तरीके से लगे केबल हटाने के लिए कार्यपालक विद्युत अभियंता को निर्देश दिया गया. गेल को सख्त निर्देश दिया गया कि सड़क पर कार्य करने वाले कांट्रेक्टर कार्य पूरा होने के बाद सड़क की स्थिति पूर्ववत करें. सड़क पर बने गड्डों को भरने की कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाये, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुगम हो.
ये भी पढ़ें: CCL कर्मियों के लिए प्रमोशन का सुनहरा मौका : लेखा लिपिक ग्रेड-II के 35 पदों पर भर्ती, 9 अक्टूबर तक करें आवेदन
