Jharkhand Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण मंगलवार से झारखंड का मौसम एक बार फिर बदल गया है. दोपहर बाद आकाश में घने बादल छाये रहे और कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई. लातेहार में 12 मिमी, रांची में नौ मिमी और जमशेदपुर में एक मिमी बारिश दर्ज की गयी.
16 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव बनने और इसके आगे बढ़ने के कारण 23 सितंबर को रांची सहित 16 जिलों में भारी बारिश व वज्रपात की संभावना है. इनमें रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इसे भी पढ़ें: Gumla: मुर्गी बेचते-बेचते करने लगा नशे का कारोबार, अब खाएगा जेल की हवा
24 सितंबर को रांची समेत 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
24 सितंबर को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से भारी बारिश हो सकती है. इसे देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा में भी वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. 25 सितंबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. 26 सितंबर को भी गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अन्य जिलों में आकाश में बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
इसे भी पढ़ें: सीवान: खसरा-रूबैला टीकाकरण अभियान, 31 अगस्त तक छूटे बच्चों को लगेगा टीका
