Jharkhand Civic Polls: झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के लिए तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए मानदेय और यात्रा भत्ते की दरों को अधिसूचित कर दिया है. इस संबंध में जारी संकल्प के अनुसार, चुनाव ड्यूटी और मतगणना कार्य में लगे कर्मियों को उनकी श्रेणी और कार्य की अवधि के आधार पर भुगतान किया जाएगा.
किसे कितना मिलेगा मानदेय
अधिसूचना के अनुसार, जोनल मजिस्ट्रेट (सेक्टर ऑफिसर के अतिरिक्त) को 1500 रुपये एकमुश्त मानदेय दिया जाएगा. पीठासीन अधिकारी और मतगणना पर्यवेक्षक के लिए 500 रुपये प्रतिदिन या अधिकतम 2000 रुपये एकमुश्त राशि तय की गई है. इसी तरह मतदान अधिकारियों को 1600 रुपये, मतगणना सहायकों को 1350 रुपये और ईवीएम कमिशनिंग और मतगणना आदि में लगे चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को 1400 रुपये एकमुश्त मिलेंगे. माइक्रो ऑब्जर्वर के लिए 2000 रुपये का मानदेय निर्धारित किया गया है.
स्पेशल टीम के लिए अलग दरें
वीडियो निगरानी टीम, फ्लाइंग स्क्वाड, स्थैतिक निगरानी टीम और कंट्रोल रूम में तैनात प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को 3000 रुपये और तृतीय श्रेणी कर्मियों को 2000 रुपये एकमुश्त मानदेय मिलेगा. कॉल सेंटर और कंट्रोल रूम में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को 1000 रुपये दिए जाएंगे. इसके अलावा, मतदान और मतगणना में लगे सभी पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवकों के लिए पैक्ड लंच या 500 रुपये प्रतिदिन के भुगतान का प्रावधान है.
इसे भी पढ़ें: निकाय चुनाव मतगणना से पहले सारंडा में नक्सलियों की साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने आईईडी किया बरामद
अवकाश और अतिरिक्त समय का पारिश्रमिक निर्धारित
अवकाश के दिनों में काम करने पर द्वितीय श्रेणी और उससे ऊपर के अधिकारियों को 850 रुपये, तृतीय श्रेणी कर्मियों को 600 रुपये और चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को 450 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे. सामान्य कार्य दिवसों पर शाम छह बजे से रात 10 बजे तक काम करने के लिए 225 रुपये और रात 10 बजे के बाद या 12 घंटे से अधिक काम करने पर 450 रुपये अतिरिक्त देय होंगे.
इसे भी पढ़ें: किसके सिर सजेगा ताज, फैसला आज! झारखंड निकाय चुनाव की मतगणना शुरू
