सरायकेला-खरसावां से शचिंद्र कुमार दाश/ बलियापुर से शेख कलीम / साहिबगंज से सुनील ठाकुर/ गांडेय से समशुल अंसारी/ विकास जायसवाल बरहरवा- साहिबगंज / दीप सिंह राजमहल से / राजकुमार लाल (हरमु , रांची) , पतरातू से अजय तिवारी की रिपोर्ट
Bakrid 2026 : झारखंड के विभिन्न जिलों में गुरुवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का त्योहार मनाया गया.इस दौरान अलग-अलग जिलों में नमाज अदा की गई. ईद उल अजहा (बकरीद) के त्योहार को लेकर सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया गया. हर जगह जगह पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखा गया. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. बाजारों में भी सुबह से रौनक बनी रही और लोगों ने खरीदारी का आनंद लिया. इस खास मौके पर पूरे जिलों में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला.
रांची के हरमु में नमाज अदा की गई
हरमू रोड स्थित रांची ईदगाह में मौलाना डॉक्टर असगर मिस्वाही ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई. यहां सुबह 9:00 बजे नमाज शुरू हुई और 9:25 पर दुआ के साथ नमाज का समापन हुआ जिसके बाद लोगों ने एक दूसरे को त्यौहार की मुबारकबाद दी थी और गला मिला.
डोरंडा ईदगाह में ईद उल अजहा की नमाज
डोरंडा ईदगाह में ईद उल अजहा की नमाज पीरे तरीकत रहबरे शरीयत अल्हाज सैय्यद शाह अलकमा शिब्ली कादरी अबुल ओलाई साहब ने अदा कराई. डोरंडा राजेंद्र चौक के पास स्थित डोरंडा ईदगाह में काफी संख्या में लोग नमाज अदा करने के लिए आए थे.
सरायकेला खरसावां में अदा की गई ईद उल अजहा की नमाज
खरसावां के बेहरासाही स्थित मदिना मस्जिद में सुबह 6.30 बजे और गोंदपुर स्थित मस्जिद निजामुदीन मनें सुबह सात बजे ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई. खरसावां के कदमडीहा स्थित ईदगाह मैदान में नामाजियों की संख्या सबसे अधिक देखी गई. यहां सुबह सात बजे बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंचे और सामुहिक रुप से ईद की नमाज अदा की. देश के अमन-चैन व खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गई. खरसावां बीडीओ प्रधान माझी, सीओ कप्तान सिंकु और थाना प्रभारी गौरव कुमार भी ईदगाह मैदान में पहुंचे थे. खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार लगातार क्षेत्र में गस्त लगा रहे थे. ईद उल अजहा के मौके पर सरायकेला के विभिन्न क्षेत्रों में जनाम अदा की गई. सरायकेला के जामा मसजिद, कमलपुर, मुड़िया, बालिगुमा, टेंटोपोसी, बालीपोशी समेत आस पास के क्षेत्रों में भी नमाज अदा की गई. ईद उल अजहा की नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मसजिदों में पहुंचे हुए थे. ईद उल अजहा का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया.
धनबाद में ईद उल अजहा का त्योहार शांति पूर्वक संपन्न
धनबाद बलियापुर क्षेत्र में ईद उल अजहा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया. लालाडीह ईदगाह मैदान में जामा मस्जिद बलियापुर के ईमाम और मुफ्ती सलमान कासमी साहब के पीछे सैकड़ों की संख्या में लोगों ने ईद उल अजहा की नमाज अदा की. देश के अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी गई. इसके अलावा भिखराजपुर, आमझर,परघा, बेलगड़िया टाउनशिप, बेड़ा नियामतपुर, दूधिया, बाघमारा, सिंगिंयाटांड़, डांगापाड़ा, रखितपुर,कोड़ाहीर ब्राह्मणडीहा समेत विभिन्न मस्जिदों ईदगाहो में ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई. सिंदरी विधायक चन्द्रदेव महतो, प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, उप प्रमुख आशा देवी, जिप सदस्य श्वेता कुमारी ,जिप सदस्य उषा महतो ने लोगों को बधाई दी. थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने विभिन्न इलाकों में भ्रमण किया. किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है.
साहिबगंज में शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया बकरीद का त्योहार
साहिबगंज के ईदगाह परिसर में गुरुवार सुबह 7:15 बजे पेश इमाम ए कासमी के द्वारा तकरीर दी गई और बकरीद को लेकर नमाज अदा की है पूरे शहर से सैकड़ो की संख्या में लोग पहुंचकर नमाज अदा की मौके पर एसडीओ अमर जॉन और एसडीपीओ सुशील कुमार नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता जिला बाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह का बासुकीनाथ तो दो वह अन्य पुलिस बोलते रात रहे.
पतरातू में हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व
पतरातू-रामगढ़ जिले के पतरातू क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का पर्व गुरुवार को पूरे धार्मिक उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न ईदगाह मैदानों व मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने नए परिधानों में सज-धज कर ईदगाह पहुंचकर अल्लाह की इबादत की और देश-दुनिया में अमन, शांति, खुशहाली एवं भाईचारे की दुआ मांगी.पतरातू थाना क्षेत्र के पीटीपीएस मस्जिद कॉलोनी, सोलिया, पलानी, तालाताड़, हफुआ, रोचाप, जयनगर, पतरातू बस्ती, रेलवे कॉलोनी समेत अन्य मस्जिदों और ईदगाहों में ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की गई. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी. बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. ईद-उल-अजहा के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कुर्बानी की परंपरा निभाई. पर्व के दौरान घरों में विशेष पकवान बनाए गए तथा लोगों ने अपने रिश्तेदारों एवं परिचितों के घर जाकर एक-दूसरे को बधाई दी.त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पतरातू थाना पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त करती रही, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा. प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न ईदगाहों का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी लोगों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की. पूरे पतरातू क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का पर्व आपसी सद्भाव और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने पर लोगों ने खुशी जताई.
गिरीडीह में अकीदत के साथ पढ़ी गई ईद उल अजहा की नमाज
गिरीडीह जिले के गांडेय प्रखंड के विभिन्न मुस्लिम बहुल इलाके में बकरीद की धूम रही. गुरुवार को प्रखंड के महेशमुण्डा,बड़की टांड, पांडेयडीह, गांडेय,परमाडीह, फुलजोरी, घाटकुल, पहरीडीह, करमई, सलैया, फुलझरिया, ताराटांड, गोराडीह, कोरिडीह समेत विभिन्न मुस्लिम बहुल गांव के मस्जिद व ईदगाहों में ईद उल अजहा की नमाज पढ़ी गयी.इसके बाद घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की गई. इधर बकरीद को प्रमुख राजकुमार पाठक,सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन बैठा, मुफ़्ती मो.सईद समेत अन्य ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से गले मिलकर मुबारकबाद दी.इधर बकरीद में शांति व सुरक्षा व्यवस्था को ले बीडीओ निसात अंजुम, गांडेय थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी,अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान और तारा टांड थाना प्रभारी बुद्धेश्वर उरांव दल बल के साथ इलाके में मुस्तैद रहे.
साहिबगंज में ईद उल अजहा पर लोगों ने ईदगाह में पढ़ा नमाज
बरहरवा- साहिबगंज जिला बरहेट पतना बरहरवा गुमानी कोटालपोखर सहित पूरे इलाके में में ईद उल अजहा का पर्व गुरुवार को उत्साह के साथ मनाया गया.जिले के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नए कपड़े पहनकर ईदगाह पहुंचकर देश और समाज में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी. मुख्य ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज का आयोजन किया गया, जहां इमामों ने कुर्बानी के महत्व और भाईचारे का संदेश दिया.
राजमहल : नमाज में शामिल हुए राजमहल विधायक
साहिबगंज जिले के राजमहल अनुमंडल मुख्यालय सहित आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में ईद उल अजहा बकरीद पर्व की नमाज ईदगाहों में अदा की गई. मस्जिद के मौलाना के माध्यम से नमाज में शामिल सभी लोगों को नमाज अदा कराई गई. राजमहल शहर के अकबरी मस्जिद ईदगाह में राजमहल विधायक मो ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सामूहिक रूप से नमाज अदा किया. नमाज के बाद एक दूसरे को गले लगा कर मुबारकबाद दी. वहीं पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह तैनात थी. सड़कों पर वाहन से एवं पैदल गश्ती की जा रही थी. राजमहल विधायक ने क्षेत्र वासियों को ईद उल अजहा की मुबारकबाद देते हुए उन्होंने कहा कि सभी लोग हर्षोल्लास से त्यौहार मनाएं.
यह भी पढ़ें: रिम्स में डॉक्टरों की मनमानी, आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी मरीजों पर 5000 रुपये का आर्थिक बोझ
यह भी पढ़ें: Jamshedpur: कोल्हान में पहले यात्री ट्रेन गुजरेगी, फिर मालगाड़ी को मिलेगा पास, रेलवे की बड़ी पहल
