प्रतिनिधि,नारायणपुर. मंडरो हरिजन टोला में मंगलवार की देर शाम कुएं में गिरने से 28 वर्षीय युवक संतोष भंडारी की मौत हो गयी. मृतक गम्हरियाटांड़ गांव का रहने वाला था. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हजामत बनाने की बात कहकर घर से निकला था संतोष
जानकारी के अनुसार, संतोष भंडारी मंगलवार को मंडरो गांव में छटियारी कार्यक्रम में हजामत बनाने की बात कहकर घर से निकला था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान मंडरो हरिजन टोला स्थित एक कुएं में उसके गिरने की जानकारी मिली.
परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद संतोष को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
नशे की हालत में कुएं में गिरने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम में कुछ लोगों के साथ बैठने के बाद संतोष के नशे की हालत में कुएं में गिरने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
नाई का काम कर चलाता था परिवार
संतोष नाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी अचानक मौत से पत्नी और चार बच्चों के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में भी शोक की लहर है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि मंडरो हरिजन टोला स्थित कुएं में गिरने से एक युवक की मौत की सूचना मिली है. पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
