जामताड़ा: सावन की तीसरी सोमवारी पर जामताड़ा में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. बड़ी संख्या में महिलाओं ने अजय नदी से पवित्र जल उठाया और पैदल कांवर यात्रा करते हुए जामताड़ा-दुमका रोड स्थित शिव मंदिर पहुंचीं. श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और महादेव के चरणों में अजय नदी का पावन जल अर्पित किया.
बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा रास्ता
सुबह से ही अजय नदी के तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. जल उठाने के बाद श्रद्धालु कांवर लेकर बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए पैदल मंदिर की ओर रवाना हुये. कांवर यात्रा के दौरान पूरा मार्ग भक्तिमय माहौल में बदल गया.
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा के लिए लोगों ने पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं की थीं. कांवरियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मांगी मन्नत
मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की. कांवर यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने हिस्सा लिया.
श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति से पूरा माहौल शिवमय नजर आया. सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.
