प्रतिनिधि, जामताड़ा. ग्राम सभा कार्यक्रम के तहत नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता अभियान के क्रम में पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय पट्टाजोरी के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को ग्राम तिलाबनी में नशाखोरी के खिलाफ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. नाटक से पहले विद्यार्थियों ने स्लोगन के साथ गांव में फेरी निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया और कार्यक्रम देखने के लिए आमंत्रित किया. इस दौरान “गांव-गांव में संदेश पहुंचाएं, नुक्कड़ नाटक देखने आएं” जैसे स्लोगन लगाए गए.
नुक्कड़ नाटक से बताए दुष्परिणाम
ग्राम सभा कार्यक्रम के समन्वयक भवेश कुमार के निर्देशन में विद्यार्थियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया. मुख्य कलाकारों में काजल, डोली, प्रिंस, रूपा, प्रियंका व कृष्णम शामिल रहे. सहयोगी कलाकारों में शिवानी, ज्योत्सना, साहना, मुस्कान, खुशी व अनीता ने भूमिका निभायी. सहायक शिक्षक अवधेन्द्र प्रताप सिंह व मुखिया सनातन जी मौजूद रहे.
