जामताड़ा : आलोक कुमार की अध्यक्षता में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं की प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति को लेकर जिला स्तरीय अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई. बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 एवं 2025-26 की प्री मैट्रिक तथा 2025-26 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदनों की समीक्षा की गई.
52,675 प्री मैट्रिक आवेदनों पर विचार
प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति के सत्र 2026-27 के कुल 52,675 और 2025-26 के शेष 1,404 आवेदनों पर विचार किया गया. वहीं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति में राज्य के 32 संस्थानों के 7,270 तथा राज्य से बाहर अध्ययनरत 68 छात्र-छात्राओं के आवेदनों की समीक्षा हुई.
विद्यालयों का होगा रैंडम भौतिक सत्यापन
उपायुक्त ने छात्रवृत्ति भुगतान में पारदर्शिता और पात्र विद्यार्थियों को लाभ सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्रखंड के दो-दो विद्यालयों का रैंडम भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया. पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए भी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों की जांच करने को कहा गया.
एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश
बीईईओ और बीडब्ल्यूओ को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया, ताकि योग्य आवेदनों को नियमानुसार शीघ्र स्वीकृति दी जा सके.
मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा, आईटीडीए परियोजना निदेशक जुगनू मिंज, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्र, डीईओ चार्ल्स हेंब्रम, डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य मौजूद थे.
