जामताड़ा पुलिस का अपराधियों पर एक्शन, 286 वारंट निपटे, 35 अभियुक्त भेजे गए जेल

जामताड़ा एसपी शम्भु कुमार सिंह ने मासिक अपराध गोष्ठी में साइबर अपराध पर कार्रवाई तेज करने और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. अगस्त में 286 वारंटों का निष्पादन हुआ और 35 अभियुक्त जेल भेजे गए. महिला, बाल अपराध और बैंक/एटीएम की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है.

एसपी ने साइबर अपराध पर कार्रवाई तेज करने और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी का दिया निर्देश

जामताड़ा : पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुधवार को एसपी शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, सभी थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे. इस दौरान जिले में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और लंबित कांडों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई.

अगस्त में 286 वारंटों का निष्पादन

बैठक में बताया गया कि अगस्त 2026 में जिले में कुल 286 वारंटों का निष्पादन/गिरफ्तारी की गई. वहीं विभिन्न कांडों में वांछित 35 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. एसपी ने अधिकारियों को लंबित वारंटों के त्वरित निष्पादन और फरार वारंटियों तथा लंबित कांडों के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया.

महिला और बाल अपराध पर संवेदनशील कार्रवाई

एसपी ने महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करने को कहा. गंभीर अपराधों में फरार चल रहे अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा जेल से हाल में छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया.

साइबर अपराध पर विशेष फोकस

जिले में साइबर ठगी करने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार सूचना संग्रह कर छापेमारी करने और संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया. एसपी ने साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर लगातार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

बैंक और एटीएम के आसपास बढ़ेगी निगरानी

अपराध नियंत्रण के लिए थाना क्षेत्रों में नियमित और सघन गश्ती करने के साथ बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अलग-अलग समय और स्थान पर एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाने को कहा गया. इसकी नियमित मॉनिटरिंग अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षकों द्वारा की जाएगी.

पुलिस-पब्लिक संबंध मजबूत करने पर जोर

एसपी ने आम जनता की समस्याओं पर विधि-सम्मत त्वरित कार्रवाई कर पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने तथा पुलिस-पब्लिक के बीच मित्रवत संबंध स्थापित करने पर जोर दिया. थाना और अनुमंडल स्तर पर साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला अपराध, बाल विवाह, डायन-बिसाही सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया.

पुलिस सभा में सुनी गईं सामूहिक समस्याएं

अपराध गोष्ठी के बाद पुलिस केंद्र में पुलिस सभा आयोजित हुई. इसमें जिला बल के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की सामूहिक समस्याओं को सुना गया तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए. मौके पर एसडीपीओ वसीम रजा, साइबर डीएसपी अमित कुमार सहित अन्य थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Umesh Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >