जामताड़ा-मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर मंगलवार की देर शाम परिसदन सभागार, जामताड़ा में बैठक आयोजित की गयी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों नाला एवं जामताड़ा के ईआरओ और एईआरओ के साथ पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की . मौके पर उपायुक्त आलोक कुमार भी मौजूद रहे.
बैठक के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार को शॉल ओढ़ाकर एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया. इसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ पालन करने का निर्देश दिया. उन्होंने दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों में समय पर नोटिस की तामिला कराने तथा मतदाताओं को सही और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.
पात्र भारतीय नागरिकों का नाम सूची से न छूटे
के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की नागरिकता, आयु और संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में निवास की नियमानुसार जांच की जाये. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो.
दस्तावेजों की जांच के बाद ही पारित हो सकारण आदेश
उन्होंने आवेदन, दावा-आपत्ति और प्रस्तुत दस्तावेजों की गहन जांच के बाद ही नियमानुसार सकारण आदेश पारित करने का निर्देश दिया. सुनवाई के दौरान संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर देने को कहा गया, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके.
नजरी नक्शा और गृह संख्या के सत्यापन पर जोर
बैठक में नजरी नक्शा, गृह संख्या और नोशनल नंबर का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने का भी निर्देश दिया गया. अधिकारियों से कहा गया कि यह सुनिश्चित करें कि एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में विभाजित न हों. इसके अलावा पुनरीक्षण कार्य से संबंधित शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश भी दिया गया.
बैठक में ईआरओ पूनम कच्छप, अनंत कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं सभी प्रखंडों के एईआरओ मौजूद रहे.
